दनकौर : ग्रेटर नोएडा में बुधवार को इंसाफ की मांग कर रहे एक पीड़ित परिवार को यूपी पुलिस द्वारा निर्वस्त्र कर पिटाई करने की एक घटना सामने आई है। आरोप है कि पीड़ित परिवार लूट की वारदात को लेकर थाने में एफआईआर दर्ज कराने पहुंची थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने से मना कर दिया।
इस पर पीड़ित परिवार द्वारा प्रदर्शन करने पर पुलिस ने बिना महिला कॉन्स्टेबल के महिलाओं सहित पूरे परिवार को निर्वस्त्र कर पीटा। साथ ही पुलिस ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, सड़क पर अश्लील हरकत करने और पिस्टल लूट की रिपोर्ट दर्ज कर सबको जेल भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी प्रवीण यादव का कहना है कि उनकी पिस्टल लेकर भागने का प्रयास भी किया गया। पुलिस का कहना है कि परिवार की तीन महिलाओं सहित पांच लोग खुद ही निर्वस्त्र होकर प्रदर्शन कर रहे थे। इस तरह से सार्वजनिक स्थल पर अश्लील प्रदर्शन करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती है इसलिए इन्हें गिरइतार किया गया।
घटनाक्रम के मुताबिक, दनकौर क्षेत्र के अट्टा गुजरान निवासी सुनील गौतम का आरोप है कि उसके भाई के साथ लूट हुई थी। रिपोर्ट दर्ज करने के लिए मौके पर जाने से पुलिस ने इनकार कर दिया, हालांकि पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। इसके बाद सुनील बुधवार सुबह परिवार के साथ बिहारी चौक पर धरने पर बैठ गया। पुलिस का आरोप है कि इस दौरान परिवार की महिलाओं ने निर्वस्त्र होकर प्रदर्शन करने की कोशिश की थी। http://zeenews.india.com/hindi/india/up-uttarakhand/up-police-stripped-and-beaten-woman-to-seek-justice/272446
